Dollar Vs Rupee:-डॉलर के मुकाबले लड़खड़ाया रुपया, तेल की महंगाई और ईरान तनाव ने बढ़ाई चिंता

Share

Dollar Vs Rupee:-भारतीय रुपया इन दिनों लगातार दबाव में नजर आ रहा है। मंगलवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कमजोर होकर 96.37 के स्तर पर खुला। हालांकि शुरुआती कारोबार में इसमें थोड़ी मजबूती जरूर देखने को मिली, लेकिन बाजार में चिंता अब भी बनी हुई है। इससे पहले रुपया 96.40 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच चुका है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, रुपये की कमजोरी की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और मध्य-पूर्व में बढ़ता तनाव है। ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव के कारण ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 110 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी हुई है, जिससे भारत जैसे तेल आयात करने वाले देशों पर दबाव बढ़ गया है।

पिछले सात कारोबारी सत्रों में रुपया करीब 2.2% तक टूट चुका है। वहीं सितंबर के बाद से इसमें 6% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है। बाजार जानकारों का कहना है कि जब तक कच्चे तेल की कीमतों में राहत नहीं मिलती या भारत में विदेशी निवेश का बड़ा प्रवाह नहीं आता, तब तक रुपये पर दबाव बना रह सकता है।

Dollar Vs Rupee:-रुपये की गिरावट का असर अब आम लोगों की जेब पर भी दिखने लगा है। देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी हुई है। तेल कंपनियों ने मंगलवार को ईंधन के दाम लगभग 90 पैसे प्रति लीटर तक बढ़ा दिए। एक हफ्ते के अंदर यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है।

अमेरिकी बाजारों में कमजोरी, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और डॉलर की बढ़ती मांग ने भी रुपये की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। एशियाई बाजारों में भी दबाव का माहौल देखने को मिला, जिससे भारतीय मुद्रा पर असर पड़ा।

आर्थिक जानकारों का मानना है कि यदि मध्य-पूर्व का तनाव जल्द कम नहीं हुआ और कच्चे तेल के दाम ऊंचे बने रहे, तो आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ सकती है। इसका असर खाने-पीने की चीजों से लेकर ट्रांसपोर्ट और रोजमर्रा के सामान तक पर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *