Crime News:-MDMA ड्रग्स का बड़ा खेल बेनकाब, कार में घूमकर तलाश रहे थे ग्राहक, 13 लाख का माल जब्त

Share

Crime News:-छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। छत्तीसगढ़ पुलिस की चकरभाठा पुलिस और ACCU टीम ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को एमडीएमए ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये कीमत का नशीला पदार्थ और एक कार जब्त की गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम रहंगी के खोलीभाटा मैदान में एक कार में सवार दो युवक एमडीएमए ड्रग्स बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 26.05 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद हुआ। इसके अलावा एक कार भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 12 लाख 95 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ड्रग्स बेचने के उद्देश्य से वहां पहुंचे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्रेश बलेचा और महेश वर्मा के रूप में हुई है, जो चकरभाठा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

Crime News:-MDMA क्या है?

एमडीएमए (MDMA) एक खतरनाक सिंथेटिक ड्रग है, जिसे युवाओं में पार्टी ड्रग के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। इसका सेवन मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकता है। देशभर में पुलिस और नारकोटिक्स एजेंसियां इसके खिलाफ लगातार अभियान चला रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *