Investment Summit:-हैदराबाद में छत्तीसगढ़ का निवेश मिशन: CM विष्णुदेव साय ने उद्योगपतियों के सामने खोले 8 लाख करोड़ के अवसरों के द्वार
Investment Summit:-छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री हैदराबाद में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने देश के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों के सामने राज्य की नई औद्योगिक नीति तथा निवेश की असीम संभावनाओं को प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। राज्य सरकार ने निवेश प्रक्रियाओं को पहले से अधिक सरल, पारदर्शी और तेज बनाया है, जिससे निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने निवेशकों को बताया कि छत्तीसगढ़ में उद्योग, अधोसंरचना, ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), खाद्य प्रसंस्करण और खनिज आधारित उद्योगों में बड़े पैमाने पर निवेश की संभावनाएं मौजूद हैं। राज्य सरकार निवेशकों को हर स्तर पर सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
Investment Summit:-मुख्यमंत्री श्री साय ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि नई उद्योग नीति और निवेशक-अनुकूल निर्णयों का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। इसी का नतीजा है कि राज्य को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न उद्योग समूहों और निवेशकों के साथ अलग-अलग बैठकों में भी शामिल होंगे। इन बैठकों में संभावित निवेश परियोजनाओं और औद्योगिक साझेदारी के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, जापान और दक्षिण कोरिया में भी छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इन प्रयासों के चलते राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के बीच छत्तीसगढ़ की नई पहचान बन रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की निवेश प्रोत्साहन पहल आने वाले वर्षों में राज्य में रोजगार, औद्योगिक विकास और आर्थिक प्रगति को नई गति दे सकती है।
