Crime News:-पति की दरिंदगी की इंतहा: पत्नी का सिर मुंडवाया, चेहरे पर पोती कालिख, जबरन पिलाया बच्चे का पेशाब; आरोपी गिरफ्तार

Share

Crime News:-छत्तीसगढ़ में एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। चरित्र पर शक के चलते एक पति ने अपनी पत्नी के साथ ऐसी अमानवीय हरकत की, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। आरोपी ने पहले पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, फिर उसका सिर मुंडवा दिया, चेहरे पर कालिख पोती और कथित तौर पर जबरन बच्चे का पेशाब भी पिला दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामला कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के रुनियाडीह गांव निवासी जितेंद्र और तारा बाई ने वर्ष 2006 में प्रेम विवाह किया था। दंपति के चार बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के कारण तारा बाई पिछले करीब एक वर्ष से पति से अलग रह रही थी और पांडवपारा में अपने रिश्तेदार के घर निवास कर रही थी।

Crime News:-पीड़िता का आरोप है कि 14 जून को आरोपी पति वहां पहुंचा और चरित्र पर संदेह जताते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसने सारी हदें पार करते हुए पत्नी का मुंडन कर दिया, चेहरे पर कालिख पोत दी और अपमानित करने के लिए जबरन बच्चे का पेशाब पिला दिया।

दूसरी ओर, आरोपी पति ने अपनी पत्नी पर दूसरे लोगों के साथ संबंध होने के आरोप लगाए हैं। हालांकि पुलिस ने पीड़िता की शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पटना थाना पुलिस ने आरोपी जितेंद्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा और महिलाओं के सम्मान को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *