Crime News:-भगवान भी नहीं बचे चोरों से! परमेश्वरी धाम मंदिर में लाखों की सेंध, दानपेटी और आभूषण लेकर फरार हुए बदमाश
Crime News:-छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले स्थित प्रसिद्ध परमेश्वरी धाम मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात ने श्रद्धालुओं को झकझोर कर रख दिया है। बीती रात अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में घुसकर दानपेटी को निशाना बनाया और भगवान के सोने-चांदी के आभूषणों सहित करीब दो लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, देर रात चोर मंदिर परिसर में दाखिल हुए और दानपेटी को तोड़कर उसमें रखी नगदी लेकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, मंदिर में विराजमान भगवान के श्रृंगार में उपयोग होने वाले सोने-चांदी के आभूषण भी चुरा लिए गए। सुबह जब पुजारी और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तब चोरी का खुलासा हुआ।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि चोरी हुए आभूषणों और दानपेटी की नगदी को मिलाकर लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पिथौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

Crime News:-पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मंदिर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले से रेकी कर वारदात को अंजाम दिया है।
परमेश्वरी धाम क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र माना जाता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे पवित्र स्थल में चोरी की घटना ने लोगों में आक्रोश और चिंता बढ़ा दी है। श्रद्धालुओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
