Energy Crisis:-LPG सिलेंडर ₹2,000 तक पहुंच सकता था… PM मोदी का बड़ा दावा, बोले- सरकार ने समय रहते टाला ऊर्जा संकट

Share

Energy Crisis:-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के बालोतरा में आयोजित एक जनसभा के दौरान देश में रसोई गैस (LPG) और पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में पैदा हुए ऊर्जा संकट के दौरान अगर केंद्र सरकार समय पर कदम नहीं उठाती, तो घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 2,000 रुपये तक पहुंच सकती थी। हालांकि सरकार की त्वरित कार्रवाई के कारण इसकी कीमत 950 रुपये से कम के स्तर पर सीमित रही।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अपनी जरूरत का लगभग 60 प्रतिशत LPG आयात करता है और इसमें से करीब 90 प्रतिशत आपूर्ति खाड़ी (गल्फ) देशों से होती है। यह गैस मुख्य रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के रास्ते भारत पहुंचती है। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से सप्लाई प्रभावित होने की आशंका थी, जिससे देश में गैस संकट पैदा हो सकता था।

पीएम मोदी के अनुसार, सरकार ने हालात का तुरंत आकलन किया और देश की रिफाइनरियों को LPG उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद केवल सात दिनों के भीतर घरेलू LPG उत्पादन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई। उन्होंने बताया कि पहले जहां प्रतिदिन करीब 35,000 मीट्रिक टन LPG का उत्पादन होता था, वहीं संकट के दौरान इसे बढ़ाकर 54,000 मीट्रिक टन प्रतिदिन कर दिया गया।

Energy Crisis:-प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि रसोई गैस पर दबाव कम करने के लिए सरकार ने तेजी से 11 लाख से अधिक घरों को पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन उपलब्ध कराने का अभियान चलाया, जिससे LPG की मांग को संतुलित करने में मदद मिली।

पेट्रोल और डीजल की कीमतों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक तनाव के कारण कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमत लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी। इसके बावजूद सरकार ने प्रभावी नीति, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और कूटनीतिक प्रयासों के जरिए देश में ईंधन की उपलब्धता बनाए रखी।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने राजस्थान रिफाइनरी परियोजना का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए वर्ष 2017 में समझौता (MoU) हुआ था, लेकिन बाद के वर्षों में इसकी रफ्तार धीमी हो गई। अब परियोजना पूरी होने के बाद इससे राजस्थान के औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह बातें राजस्थान के बालोतरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहीं, जहां उन्होंने लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *