CG News:-दोस्तों के साथ नहाने गया 12 साल का मासूम, नदी के गहरे पानी ने छीनी जिंदगी, गांव में छाया मातम
CG News:-जिले के विजयनगर गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया 12 साल का एक मासूम गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान विनोद यादव उर्फ डिंपल (12 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अतिथि शिक्षक शिवलाल यादव का पुत्र था।
CG News:-कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर विनोद अपने दो दोस्तों के साथ घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित बाकी नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक नदी के गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा।
उसके साथ मौजूद एक दोस्त ने उसे बचाने की कोशिश भी की, लेकिन पकड़ छूट जाने के कारण विनोद पानी में समा गया।
CG News:-आधे घंटे बाद मिला शव
बच्चे के डूबने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। ग्रामीण पवन यादव करीब 12 फीट गहरे पानी में उतरकर लगातार तलाश करते रहे। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद विनोद का शव नदी से बाहर निकाला गया।
CG News:-पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
