Ram Mandir Donation Controversy:-राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर सियासत तेज: कांग्रेस का BJP पर हमला, कहा- ‘राम के नाम पर हुई लूट’, भाजपा ने आरोपों को बताया राजनीति
Ram Mandir Donation Controversy:-रायपुर। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। इसी मुद्दे पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के आह्वान पर रायपुर के राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने भाजपा पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि “भगवान राम किसी एक राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं हैं, वे हर भारतीय की आस्था के केंद्र हैं। भाजपा ने राम के नाम पर चंदा जुटाया और उसी आस्था का राजनीतिक लाभ उठाया। यदि राम के आदर्शों का पालन किया जाता तो मंदिर से जुड़े कथित चोरी और अनियमितताओं के आरोप सामने नहीं आते।”
कमलेश्वर पटेल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब इस मुद्दे को लेकर देशभर में अभियान चलाएगी। गांव-गांव और शहर-शहर नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से लोगों तक अपनी बात पहुंचाई जाएगी।
Ram Mandir Donation Controversy:-भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेता ने कहा कि राम मंदिर निर्माण का श्रेय भाजपा ने लिया था, इसलिए मंदिर से जुड़े किसी भी विवाद या कथित वित्तीय गड़बड़ी की जवाबदेही भी भाजपा को लेनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों और श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे के उपयोग को लेकर पारदर्शिता नहीं बरती गई।
उन्होंने दावा किया कि कथित जांच में फर्जी रसीदों और लेखा-जोखा से जुड़े सवाल सामने आए हैं तथा दोषियों पर अब तक कठोर कार्रवाई नहीं हुई है।
Ram Mandir Donation Controversy:-भाजपा से पूछे तीन सवाल
कमलेश्वर पटेल ने भाजपा के सामने तीन सवाल रखे—
- यदि राम मंदिर ट्रस्ट के गठन में भाजपा की भूमिका रही, तो कथित गड़बड़ी की जिम्मेदारी कौन लेगा?
- यदि सभी वित्तीय प्रक्रियाएं पूरी तरह पारदर्शी थीं, तो ट्रस्ट से जुड़े कुछ पदाधिकारियों के इस्तीफों की नौबत क्यों आई?
- सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने से भाजपा क्यों बच रही है?
Ram Mandir Donation Controversy:-देशभर में चलेगा अभियान
कांग्रेस का कहना है कि यह केवल एक राज्य का मुद्दा नहीं बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है। पार्टी ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में विभिन्न राज्यों में प्रेस वार्ता, जनसभाएं और नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
Ram Mandir Donation Controversy:-भाजपा का पक्ष
भाजपा पहले भी कांग्रेस के ऐसे आरोपों को राजनीतिक और निराधार बता चुकी है। पार्टी का कहना है कि राम मंदिर ट्रस्ट एक स्वतंत्र संस्था है और किसी भी प्रकार के आरोपों की जांच संबंधित एजेंसियां करती हैं। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दों का राजनीतिकरण कर रही है।
