Chhattisgarh Crime News:-ED अफसर बनकर रचा 7 लाख की ठगी का खेल! सिम्स कैंटीन का ठेका और नौकरी का झांसा देकर दंपती पर FIR
Chhattisgarh Crime News:-बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ED) का अधिकारी बताकर सिम्स अस्पताल की कैंटीन का ठेका और सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रेलवे महाराष्ट्र मंडल टिकरापारा निवासी देवेन्द्र ठक्कर की मुलाकात सिम्स अस्पताल में राहुल मिश्रा और उसकी पत्नी पदमा जनार्दन से हुई थी। बातचीत के दौरान राहुल मिश्रा ने खुद को ईडी का प्रभावशाली अधिकारी बताते हुए भरोसा दिलाया कि वह सिम्स अस्पताल, कोनी में कैंटीन का ठेका दिलवा सकता है। इसके साथ ही उसने पीड़ित के बेटे और उसके एक दोस्त को ईडी में नौकरी दिलाने का भी दावा किया।
Chhattisgarh Crime News:-6.82 लाख रुपये ऐंठने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, आरोपी दंपती ने ठेका और नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग किश्तों में बैंक ट्रांसफर और नकद के जरिए करीब 6.82 लाख रुपये ले लिए। काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो कैंटीन का ठेका मिला और न ही किसी की नौकरी लगी।
जब पीड़ित को संदेह हुआ तो उसने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि दबाव बनने पर दंपती ने कुछ रकम लौटा दी, लेकिन करीब 1.62 लाख रुपये अब भी वापस नहीं किए हैं।
Chhattisgarh Crime News:-कोतवाली थाने में दर्ज हुई FIR
अपने साथ ठगी होने का एहसास होने पर देवेन्द्र ठक्कर ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने राहुल मिश्रा और पदमा जनार्दन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
Chhattisgarh Crime News:-बैंक ट्रांजैक्शन और दस्तावेजों की जांच
पुलिस अब बैंक खातों में हुए लेनदेन, नकद भुगतान और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने इसी तरह किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी धोखाधड़ी की है या नहीं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
