CrimeNews:-जिंदा शख्स को कागजों में ‘मृत’ दिखाया, 4 करोड़ की जमीन हड़पने की कोशिश, पूर्व स्पीकर गिरफ्तार

Share

CrimeNews:-आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में करोड़ों रुपये की जमीन हड़पने के कथित षड्यंत्र का बड़ा खुलासा हुआ है। श्रीकाकुलम ग्रामीण पुलिस ने इस मामले में राज्य विधानसभा के पूर्व स्पीकर तमिनेनी सीताराम, उनकी पत्नी, बेटे समेत कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के सहारे करीब 3 से 4 करोड़ रुपये मूल्य की 900 वर्ग गज जमीन पर अवैध कब्जा करने की साजिश रची गई। मामले में कुल 13 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जबकि पांच अन्य की तलाश जारी है।

CrimeNews:-फर्जी डेथ सर्टिफिकेट और नकली वसीयत का खेल

पुलिस अधीक्षक के. वी. महेश्वर रेड्डी के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र, नकली वसीयत और झूठे परिवार सदस्य प्रमाण पत्र तैयार कर जमीन पर मालिकाना हक साबित करने की कोशिश की। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस व्यक्ति की जमीन थी, उसे दस्तावेजों में मृत घोषित कर दिया गया, जबकि वह आज भी जीवित है।

CrimeNews:-1988 में खरीदी गई जमीन बनी निशाना

यह मामला बालागा के चापुरम ग्राम पंचायत स्थित सत्य साईं नगर के सर्वे नंबर 35/13 में स्थित प्लॉट नंबर 84, 85 और 86 से जुड़ा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके पिता ने वर्ष 1988 और 1992 में यह जमीन वैध रूप से खरीदी थी। बाद में परिवार के हैदराबाद चले जाने के कारण लंबे समय तक जमीन खाली पड़ी रही, जिसका फायदा उठाकर कथित साजिश रची गई।

CrimeNews:-जिंदा मालिक को कागजों में दिखाया मृत

पुलिस जांच में सामने आया कि मूल जमीन मालिक अंदावरपु गोविंदराजुलु का फर्जी डेथ सर्टिफिकेट तैयार किया गया। इसके बाद एक महिला को उनका एकमात्र कानूनी वारिस बताकर जमीन का रजिस्ट्रेशन कराने की कोशिश की गई। जब जमीन पर बाउंड्री वॉल बनाने का प्रयास हुआ तो असली मालिक ने विरोध दर्ज कराया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

CrimeNews:-पूर्व स्पीकर के परिवार पर भी आरोप

पुलिस का दावा है कि इस पूरे मामले का कथित मास्टरमाइंड तेलुगु सतीश कुमार है। जांच में यह भी सामने आया कि पूर्व स्पीकर के बेटे तमिनेनी वेंकट श्रीरामुलु को जमीन का खरीदार दिखाया गया था। इसी आधार पर पूर्व स्पीकर तमिनेनी सीताराम और उनकी पत्नी को भी साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामले में तत्कालीन सब-रजिस्ट्रार पर भी नियमों की अनदेखी कर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कराने का आरोप लगाया गया है।

CrimeNews:-जांच जारी, अन्य मामलों की भी पड़ताल

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी सरकारी मुहरें, दस्तावेज और कई मोबाइल फोन जब्त किए हैं। अब यह जांच की जा रही है कि क्या इसी तरह के फर्जी दस्तावेजों के जरिए अन्य जमीनों पर भी कब्जा करने की कोशिश की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *