CG News:-प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा: 16,987 अभ्यर्थियों पर रहेगी पैनी नजर, बिना फ्रिस्किंग नहीं मिलेगी एंट्री
CG News:-रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CG Vyapam/CGPEB) द्वारा आयोजित प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा (PSLA-26) रविवार 26 जुलाई 2026 को रायपुर जिले के 52 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इस भर्ती परीक्षा में कुल 16,987 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा संचालन की तैयारियों की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर ने अधिकारियों और केंद्र प्रभारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
CG News:-सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम
जिला प्रशासन ने परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। प्रत्येक परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अनिवार्य फ्रिस्किंग (शारीरिक जांच) से गुजरना होगा। इसके बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा।
CG News:-इन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
परीक्षा के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर उत्तम प्रसाद रजक को नोडल अधिकारी तथा विशेष रोजगार कार्यालय, रायपुर के रोजगार अधिकारी केदारनाथ पटेल को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
CG News:-सुबह 6 बजे से शुरू होगी गोपनीय सामग्री का वितरण
परीक्षा से जुड़ी गोपनीय सामग्री का वितरण 26 जुलाई को सुबह 6 बजे जिला कोषालय, कलेक्टर परिसर रायपुर से किया जाएगा। इसके बाद सामग्री निर्धारित समय पर सभी परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाई जाएगी।
CG News:-केंद्रों पर जरूरी सुविधाओं के निर्देश
प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, बैठने की समुचित व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी केंद्राध्यक्षों और पर्यवेक्षकों को आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा गया है।
CG News:-अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सलाह
- परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें।
- प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखें।
- फ्रिस्किंग प्रक्रिया में सहयोग करें।
- प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य आपत्तिजनक सामग्री साथ न लाएं।
- आयोग द्वारा जारी सभी निर्देशों का पालन करें।
