Crime News:-दिनदहाड़े दुस्साहस: कारोबारी की कार का शीशा तोड़ 4.90 लाख लेकर फरार, CCTV में दिखा संदिग्ध
Crime News:-छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा 4 लाख 90 हजार रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया। घटना के बाद पुलगांव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आसपास लगे CCTV कैमरों में एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया है, जिसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
Crime News:-दोस्त से मिलने गए, लौटे तो टूटा मिला कार का शीशा
पुलगांव थाना पुलिस के मुताबिक, मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी, जो देव एग्रो इंडस्ट्रीज के संचालक हैं, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने घर से 4.90 लाख रुपये लेकर स्विफ्ट कार से निकले थे। नकदी एक काले रंग के बैग में रखी गई थी, जिसे उन्हें एक पार्टी को भुगतान के लिए देना था।
करीब 9 बजे उन्होंने पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने अपनी कार लॉक कर खड़ी की और दूसरी बाइक से नया पारा स्थित अपने परिचित की दुकान चले गए। वहां से इंदिरा मार्केट में चाय पीने के बाद जब लौटने लगे, तभी उन्हें उत्सव शोरूम संचालक का फोन आया कि उनकी कार का अगला शीशा टूटा हुआ है।
Crime News:-कार से गायब मिला नकदी से भरा बैग
मौके पर पहुंचने पर प्रमोद महेश्वरी ने देखा कि कार में रखा नकदी से भरा बैग गायब था। सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
Crime News:-CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया है, जिसकी पहचान और तलाश जारी है। जांच अधिकारियों को आशंका है कि आरोपियों को कारोबारी के पास बड़ी रकम होने की पहले से जानकारी थी और संभवतः रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
