CG Sports Awards 2025-26:खिलाड़ियों के लिए सुनहरा मौका: ₹5 लाख तक के खेल पुरस्कार और मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए आवेदन शुरू
CG Sports Awards 2025-26:रायपुर। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल निर्णायकों के लिए बड़ी खबर है। राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2025-26 के लिए विभिन्न राज्य खेल पुरस्कारों, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, नगद प्रोत्साहन राशि, खेलवृत्ति (डाइट मनी) और प्रेरणा निधि के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक एवं पात्र आवेदक 5 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
राज्य सरकार हर वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित करती है। इस बार भी शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं।
CG Sports Awards 2025-26:किन्हें मिलेगा कौन-सा पुरस्कार?
- शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार – राष्ट्रीय खेलों या राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में पदक जीतने अथवा अधिकृत अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सीनियर खिलाड़ियों को।
- शहीद कौशल यादव पुरस्कार – जूनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को।
- वीर हनुमान सिंह पुरस्कार – उत्कृष्ट प्रशिक्षकों और खेल निर्णायकों को।
- शहीद पंकज विक्रम सम्मान – पिछले पांच वर्षों में चार बार राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को।
- शहीद विनोद चौबे सम्मान – 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे खेल व्यक्तित्व को जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय या राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की हो या खेल क्षेत्र में विशेष योगदान दिया हो।
CG Sports Awards 2025-26:इतनी मिलेगी पुरस्कार राशि
- शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार – ₹3 लाख
- शहीद कौशल यादव पुरस्कार – ₹1.50 लाख
- वीर हनुमान सिंह पुरस्कार – ₹1.50 लाख
- शहीद विनोद चौबे सम्मान – ₹25 हजार
- शहीद पंकज विक्रम सम्मान – ₹25 हजार
इसके अलावा मुख्यमंत्री ट्रॉफी के तहत दलीय खेलों में:
- 4 सदस्यीय टीम – सीनियर ₹2 लाख, जूनियर ₹1 लाख
- 4 से अधिक सदस्यीय टीम – सीनियर ₹5 लाख, जूनियर ₹3 लाख
पुरस्कार विजेताओं को नकद राशि के साथ मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर और टाई भी प्रदान किए जाएंगे।
CG Sports Awards 2025-26:डाइट मनी और प्रेरणा निधि के लिए भी आवेदन
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतने या राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी खेलवृत्ति (डाइट मनी) के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए अधिकतम आयु 19 वर्ष निर्धारित की गई है। खेल संघ वर्षभर की उपलब्धियों के आधार पर प्रेरणा निधि के लिए भी आवेदन कर सकेंगे।
CG Sports Awards 2025-26:कैसे करें आवेदन?
आवेदन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://sportsyw.cg.gov.in/cgsports/ पर उपलब्ध निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन करना होगा। आवेदन पत्र खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला कार्यालयों, संचालनालय और राज्य खेल संघों से भी प्राप्त किए जा सकते हैं।
ध्यान दें:
शहीद पंकज विक्रम सम्मान के आवेदन केवल राज्य खेल संघ की अनुशंसा के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। खिलाड़ियों से सीधे आवेदन स्वीकार नहीं होंगे।
CG Sports Awards 2025-26:अंतिम तारीख
सभी पात्र आवेदकों को 5 अगस्त 2026 तक कार्यालयीन समय में ऑनलाइन आवेदन जमा करना होगा। जिन खिलाड़ियों की उपलब्धियां अधिक हैं लेकिन उनके संघ ने अनुशंसा नहीं की है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने दस्तावेज सीधे विभाग के संचालनालय या जिला कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
