CG News:-उडेना समेत कई गांवों में खेत, सड़कें और पुलिया पानी में डूबीं, किसानों ने फसल सर्वे और मुआवजे की मांग की

Share

CG News:-धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। उडेना समेत कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। खेत, सड़कें और पुलिया पानी में डूब गई हैं, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 3 हजार एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है। जिले में पिछले कुछ सप्ताह से सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जिसके चलते निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति लगातार बनी हुई है।

उडेना मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क और पुलिया पूरी तरह पानी में डूब गई हैं। तेज बहाव के कारण रास्ता पार करना जोखिम भरा हो गया है। इसके बावजूद ग्रामीण जरूरी कामों के लिए पानी के बीच से होकर आने-जाने को मजबूर हैं। कई बस्तियों में भी पानी घुसने से लोगों को घरों से पानी निकालने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।

CG News:-स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की बढ़ीं मुश्किलें

लगातार जलभराव का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ा है। कई मार्गों पर पानी भर जाने से स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं ग्रामीणों का रोजमर्रा का कामकाज भी प्रभावित हुआ है।

CG News:-3 हजार एकड़ फसल प्रभावित, मुआवजे की मांग

उडेना के अलावा झरिया, नवापारा, देवरी, दोनर, सेमरा और गगरा सहित आसपास के कई गांवों में खेत पानी से लबालब हैं। किसानों का कहना है कि हजारों एकड़ में लगी धान की फसल जलभराव से प्रभावित हुई है। किसानों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने और उचित मुआवजा देने की मांग की है।

CG News:-प्रशासन ने जारी की चेतावनी

लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने रपटों, पुल-पुलियों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने तथा जोखिम उठाकर पानी पार नहीं करने की सलाह दी है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहता है तो प्रभावित गांवों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। ऐसे में प्रशासन के सामने राहत एवं बचाव कार्यों के साथ किसानों के नुकसान का आकलन कर शीघ्र सहायता पहुंचाने की चुनौती होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *