CG Morning News:-PM मोदी से विकास पर चर्चा करेंगे CM साय, दीपक बैज की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर नजरें, कृषि मंत्री रामविचार नेताम पेश करेंगे विभागों का रिपोर्ट कार्ड

Share

CG Morning News:-रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए आज का दिन राजनीतिक, प्रशासनिक और धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने दिल्ली दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। वहीं रायपुर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए सरकार को घेरने की तैयारी में हैं। दूसरी ओर वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी और गंगाजल का कलश राजधानी पहुंचेगा, जिसका वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन किया जाएगा। इसके अलावा कृषि मंत्री रामविचार नेताम अपने विभागों की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड भी पेश करेंगे।

CG Morning News:-PM मोदी से मिलेंगे CM विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 11 बजे संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़ से जुड़े विकास कार्यों, अधोसंरचना, निवेश, जनकल्याण योजनाओं और केंद्र-राज्य समन्वय सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। हाल के महीनों में राज्य सरकार लगातार केंद्र की विभिन्न योजनाओं को गति देने पर जोर दे रही है, ऐसे में इस मुलाकात को राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

CG Morning News:-दीपक बैज की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सबकी नजर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज दोपहर 12:30 बजे रायपुर स्थित राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। माना जा रहा है कि वे प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, सरकार के फैसलों और संगठन की आगामी रणनीति को लेकर कांग्रेस का पक्ष रखेंगे। प्रेस वार्ता में पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।

CG Morning News:-वाराणसी से रायपुर पहुंचेगा पवित्र कलश

संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा के ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी और गंगाजल का कलश आज रायपुर पहुंचेगा। दोपहर 1 बजे श्रीराम मंदिर में साधु-संतों की मौजूदगी और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजन होगा। इसके बाद कलश प्रदेश के सभी संगठन जिलों में भेजे जाएंगे। आगामी 4 अगस्त को पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में 36 संगठन जिलों के जिलाध्यक्षों को कलश वितरित किए जाएंगे, जिसके बाद यह अभियान प्रदेश के 479 मंडलों तक पहुंचेगा।

CG Morning News:-कृषि मंत्री पेश करेंगे विभागों का रिपोर्ट कार्ड

कृषि मंत्री रामविचार नेताम आज दोपहर 12 बजे नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद ऑडिटोरियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी भी मौजूद रहेंगे। प्रेस वार्ता में कृषि, किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, पशुधन विकास, मत्स्यपालन और उद्यानिकी विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी दी जाएगी।

CG Morning News:-रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

टेंट एंड डेकोर एक्सपो

  • आयोजक: छत्तीसगढ़ टेंट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन
  • स्थान: अमुनिया बैंक्वेट हॉल
  • समय: सुबह 10:00 बजे से

पौधारोपण कार्यक्रम

  • आयोजक: महाराष्ट्र मंडल रायपुर
  • स्थान: सत्य साई हॉस्पिटल परिसर, नवा रायपुर
  • समय: सुबह 11:00 बजे से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *