Iron Scrap Theft:-BSP स्क्रैप घोटाले में बढ़ीं बड़े चेहरों की मुश्किलें! भाजपा नेता गिरफ्तार, क्या अब और होंगे बड़े खुलासे?

Share

Iron Scrap Theft:-दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में करोड़ों रुपये के लोहा चोरी मामले में दुर्ग पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता एवं वैशालीनगर मंडल के कोषाध्यक्ष भास्कर मुदलियार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में उनकी कथित भूमिका सामने आने के बाद शनिवार को गिरफ्तारी की गई। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक GM, AGM समेत कुल 17 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, भास्कर मुदलियार के वाहन लंबे समय से भिलाई स्टील प्लांट परिसर में संचालित हो रहे थे। जांच के दौरान मिले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उनसे पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की कड़ियां लगातार जुड़ रही हैं और जांच में नए तथ्य सामने आ रहे हैं। यदि अन्य लोगों की संलिप्तता मिलती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Iron Scrap Theft:-सिर्फ चोरी नहीं, पूरे सिंडिकेट की जांच

दुर्ग पुलिस का कहना है कि मामला केवल लोहा चोरी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे सक्रिय पूरे संगठित नेटवर्क की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि चोरी किए गए स्क्रैप की निकासी, परिवहन और बिक्री में किन-किन लोगों की भूमिका रही। पुलिस का दावा है कि निष्पक्ष जांच जारी है और आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

Iron Scrap Theft:-26 मई को हुआ था करोड़ों के रैकेट का खुलासा

इस मामले का खुलासा 26 मई 2026 को हुआ था, जब पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने ग्राम अकलोरडीह स्थित AK Traders और हथखोज औद्योगिक क्षेत्र में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान फ्लू डस्ट की आड़ में छिपाकर रखी गई करीब 250 टन लौह स्क्रैप, लोहे की प्लेटें, बीम और कटिंग सामग्री बरामद की गई थी। पुलिस ने स्क्रैप की ढुलाई में इस्तेमाल होने वाले हाईवा, ट्रक, जेसीबी, हाईड्रा और अन्य मशीनें भी जब्त की थीं। जब्त स्क्रैप, वाहन और मशीनरी की कुल कीमत करीब 3.22 करोड़ रुपये आंकी गई थी, जिसमें लगभग 90 लाख रुपये का लौह स्क्रैप शामिल था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *