CGPSC Update:-CGPSC का बड़ा अपडेट: सूबेदार-SI भर्ती के संशोधित फाइनल मॉडल आंसर जारी, OMR जांच अब इन्हीं से होगी

Share

CGPSC Update:-रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 के संशोधित अंतिम मॉडल उत्तर (Final Model Answer Key) जारी कर दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों की ओएमआर उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन अब इन्हीं संशोधित अंतिम उत्तरों के आधार पर किया जाएगा। संशोधित मॉडल उत्तर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

यह भर्ती अभियान राज्य पुलिस विभाग में कुल 341 पदों को भरने के लिए आयोजित किया जा रहा है। लिखित परीक्षा 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के 33 जिलों के 183 परीक्षा केंद्रों में आयोजित हुई थी, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।

CGPSC Update:-परीक्षा के बाद आयोग ने 13 जुलाई को प्रारंभिक मॉडल उत्तर जारी कर अभ्यर्थियों से ऑनलाइन दावा-आपत्तियां आमंत्रित की थीं। इसके लिए 21 जुलाई 2026 तक का समय दिया गया था। निर्धारित अवधि में प्राप्त सभी आपत्तियों की जांच विषय विशेषज्ञ समिति से कराई गई। समिति की अनुशंसाओं और परीक्षण के बाद संशोधित अंतिम मॉडल उत्तर तैयार किए गए हैं।

CGPSC ने स्पष्ट किया है कि अब किसी प्रकार की नई आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी और इन्हीं अंतिम मॉडल उत्तरों के आधार पर OMR शीट का मूल्यांकन कर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर संशोधित उत्तरों का मिलान कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *