Railway Accident:-बालोद में दिल दहला देने वाली घटना: ट्रेन की चपेट में आए बुजुर्ग की मौत, जांच में जुटी पुलिस
Railway Accident:-छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। डौंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सल्हाईटोला और गुदुम रेलवे स्टेशन के बीच एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अनुक राम यादव (65 वर्ष), निवासी छिंदगांव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वह सुबह घर से खेत जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना इतनी भीषण थी कि शव दो हिस्सों में बंट गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर डौंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Railway Accident:-प्रारंभिक जानकारी में कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि बुजुर्ग ट्रेन आने के दौरान रेलवे ट्रैक पर लेट गए थे, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
