Chhattisgarh News:-नाम ‘न्यूज’ था, इसलिए उठे सवाल… अब खुद सामने आया SI रिजल्ट का ये कैंडिडेट, बताई पूरी कहानी
Chhattisgarh News:-रायगढ़। छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती परीक्षा के रिजल्ट के बाद एक अभ्यर्थी का नाम सोशल मीडिया और चर्चाओं में खूब सुर्खियां बटोर रहा है। वजह उसकी कामयाबी नहीं, बल्कि उसका नाम है। रिजल्ट में ‘न्यूज’ नाम सामने आने के बाद कई तरह के सवाल उठे। अब रायगढ़ के रेंगालपाली गांव के रहने वाले न्यूज कुमार प्रधान ने खुद सामने आकर अपनी पहचान और दस्तावेजों से जुड़ी पूरी जानकारी दी है।
बताया जा रहा है कि रेंगालपाली क्षेत्र के हाईस्कूल में पढ़े न्यूज कुमार प्रधान का नाम उनके शैक्षणिक दस्तावेजों में इसी तरह दर्ज है। स्थानीय स्तर पर स्कूल के प्राचार्य और शिक्षकों ने भी उसके विद्यार्थी जीवन और पढ़ाई से जुड़े होने की जानकारी दी है।
Chhattisgarh News:-दस्तावेजों में दर्ज है ‘न्यूज’ नाम
न्यूज कुमार प्रधान के मुताबिक, उसके आधार कार्ड और मार्कशीट में नाम ‘न्यूज’ दर्ज है। उसका पूरा नाम न्यूज कुमार प्रधान है। पिता का नाम सुखदेव और माता का नाम सर्वेश्वरी बताया गया है। उसका कहना है कि बचपन से लेकर अब तक उसके उपलब्ध शैक्षणिक दस्तावेजों में यही नाम चला आ रहा है।
यही असामान्य नाम पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम के बाद चर्चा का विषय बन गया। सोशल मीडिया पर नाम को लेकर तरह-तरह की बातें सामने आने लगीं, जिसके बाद उसकी पहचान और दस्तावेजों को लेकर सवाल उठने लगे।
Chhattisgarh News:-एसएसपी से मिलकर दी जानकारी
मामला चर्चा में आने के बाद न्यूज कुमार प्रधान रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह से मिलने पहुंचा। वहां उसने अपनी पहचान, परिवार और शैक्षणिक दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी अधिकारियों के सामने रखी।
न्यूज का कहना है कि सिर्फ नाम अलग होने की वजह से उसे बार-बार पूछताछ और सवालों का सामना करना पड़ रहा है। इससे उसे मानसिक परेशानी भी हो रही है।
Chhattisgarh News:-अब नाम नहीं, दस्तावेज बताएंगे पूरी कहानी
फिलहाल इस पूरे मामले में सबसे अहम पहलू अभ्यर्थी के दस्तावेज और संबंधित रिकॉर्ड हैं। सिर्फ किसी नाम के असामान्य होने से किसी व्यक्ति की पहचान या पात्रता पर निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। न्यूज कुमार प्रधान का कहना है कि उसके पास अपनी पहचान और पढ़ाई से जुड़े दस्तावेज मौजूद हैं।
ऐसे में अब यह मामला सोशल मीडिया की चर्चाओं से आगे बढ़कर दस्तावेजों और आधिकारिक सत्यापन का विषय बन गया है। भर्ती प्रक्रिया में संबंधित विभाग द्वारा रिकॉर्ड के आधार पर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
