Raipur Crime:-रायपुर में मोबाइल झपटमारों का अनोखा तरीका! कभी पता पूछते, तो कभी मांगते लिफ्ट; 5 मोबाइल के साथ दो पकड़े गए
Raipur Crime:-रायपुर के कोटा इलाके में राहगीरों से बातचीत कर उनका मोबाइल झपटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक कभी पता पूछने तो कभी लिफ्ट मांगने के बहाने लोगों के करीब पहुंचते थे और मौका मिलते ही मोबाइल लेकर फरार हो जाते थे। सरस्वती नगर पुलिस ने इस मामले में 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ मौजूद एक विधि से संघर्षरत बालक को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के पास से अलग-अलग घटनाओं में झपटे गए 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 48 हजार रुपये है।
Raipur Crime:-शर्ट की जेब से मोबाइल झपटकर हुए फरार
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की रात करीब 10:20 बजे कोटेश्वर नगर निवासी अवधेश सिंह कोटा इलाके से गुजर रहे थे। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और पता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि इसी दौरान उनकी शर्ट की जेब में रखा Poco M4 5G मोबाइल झपटकर दोनों फरार हो गए। मोबाइल की कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई गई है।
अवधेश सिंह की शिकायत पर 30 सितंबर को सरस्वती नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
Raipur Crime:-सस्ते दाम पर मोबाइल बेचने की फिराक में थे आरोपी
जांच के दौरान 30 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि सरस्वती नगर रेलवे स्टेशन और कोटा इलाके के आसपास दो युवक कम कीमत पर मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस की पूछताछ में मोबाइल झपटमारी की कई घटनाओं का खुलासा होने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर राहगीरों और रेलवे स्टेशन पर बैठे लोगों को निशाना बनाया था।
Raipur Crime:-लिफ्ट मांगकर भी झपटा मोबाइल
पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर की रात करीब 2 बजे आरोपियों ने एक मोटरसाइकिल सवार को लिफ्ट मांगने के बहाने रोका। आरोप है कि इस दौरान मोटरसाइकिल के हैंडल पर रखा मोबाइल झपटकर दोनों फरार हो गए।
इसके अलावा सरस्वती नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बैठे लोगों के तीन मोबाइल फोन झपटने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।
48 हजार रुपये के 5 मोबाइल बरामद
कुल बरामद मोबाइल
5 फोन
कुल कीमत
₹48,000
हरेश नायक
3 मोबाइल बरामद
₹32,000
विधि से संघर्षरत बालक
2 मोबाइल बरामद
₹16,000
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी हरेश नायक (20 वर्ष), निवासी मोतीलाल नगर, कोटा, रायपुर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, नाबालिग को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है।
