CG Crime:-लाइब्रेरी से घर लौट रही पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक, CCTV के बाद कोंडागांव से दो संदिग्ध गिरफ्तार

Share

CG Crime:- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 22 वर्षीय छात्रा पर एसिड अटैक का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा पढ़ाई के बाद लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी, तभी सिंचाई कॉलोनी में आत्मानंद स्कूल के सामने एक युवक ने उस पर कथित तौर पर एसिड फेंक दिया। हमले में छात्रा का शरीर बुरी तरह झुलस गया है। गंभीर हालत में उसे रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

CG Crime:-लाइब्रेरी से लौटते वक्त किया हमला

जानकारी के मुताबिक, 22 वर्षीय छात्रा आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी में आत्मानंद स्कूल के सामने एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया। तेज जलन होने पर छात्रा चीखने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने छात्रा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि एसिड से छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलसा है। चेहरे और आंख के आसपास भी चोट आई है।

CG Crime:-CCTV में कैद हुआ आरोपी

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों से अहम सुराग मिले, जिसमें संदिग्ध युवक भागता हुआ दिखाई दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आरोपी घटना के बाद पैदल तांदुला बांध के जंगलों की ओर भागा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आसपास के जिलों के पुलिस थानों को भी घटना की सूचना दी गई। घटना के बाद टीआई, एसपी और एएसपी समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

CG Crime:-कोंडागांव में बस से पकड़े गए दो संदिग्ध

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के कोंडागांव की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद कोंडागांव पुलिस को सूचना दी गई। कोंडागांव इंस्पेक्टर सौरभ उपाध्याय के मुताबिक, बालोद पुलिस की सूचना पर महिंद्रा बस से दो संदिग्धों को पकड़ा गया है।

पुलिस ने जिन लोगों को पकड़ा है, उनमें करण कुंजाम पिता दिनेश कुंजाम और एक महिला आरोपी शामिल बताई जा रही है। इसकी सूचना बालोद पुलिस को दे दी गई है और बालोद पुलिस टीम कोंडागांव के लिए रवाना हो गई है।

CG Crime:-हमले की वजह और इस्तेमाल किए गए एसिड का खुलासा बाकी

फिलहाल पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू की है। छात्रा पर हमला किस वजह से किया गया? हमले की साजिश किसने रची? आरोपी छात्रा को पहले से जानता था या नहीं? और हमले में किस तरह के केमिकल या एसिड का इस्तेमाल किया गया? इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच के बाद सामने आएंगे।

बालोद पुलिस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा आरोपियों से पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद करेगी। फिलहाल छात्रा का रायपुर में इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *