प्रधान आरक्षक के साथ मड़ई मेले में मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार…

Share

भिलाई। उतई थाना अंतर्गत ग्राम परसाही के मड़ई मेला की व्यवस्था संभाल रहे प्रधान आरक्षक महेश देवांगन के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 121, 221, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की।

उतई टीआई विपिन रंगारी ने बताया कि 5 फरवरी को ग्राम परसाही में मंडई हुआ। जहां शांति व्यवस्था बनाने पुलिस जवानों को तैनात किया गया था। परसाही निवासी संजय ठाकुर और जोहन ठाकुर मड़ई में राउत नाचा निकालने के दौरान उपद्रव करने लगे। राउतनाचा करने वाले और खिलौना दुकान चलाने वालों से गाली गलौज कर मारपीट पर उतारू हो गए। प्रधान आरक्षक महेश देवांगन समेत अन्य बल मौके पर पहुंचे और उन्हें समझाने की कोशिश की। आरोपी संजय ठाकुर और जोहन ठाकुर उर्फ जितेन्द्र वाद विवाद करने लगे।

पुलिस के जवान वर्दी में थे, बावजूद उनके साथ एक राय होकर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाते हुए पुलिस से अभद्रता करने लगे। प्रधान आरक्षक महेश देवांगन का कालर पकड़ लिया। जवानों ने इसकी सूचना दी। मौके पर अन्य स्टॉफ को भेजा गया और संजय ठाकुर उर्फ रिंकु पिता संतोष ठाकुर (25 वर्ष) और जोहन ठाकुर उर्फ जोहन लाल ठाकुर (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *