जर्जर छत के मलबे के साथ गिरा मजदूर, मौके पर ही मौत…
महासमुंद। फुलझर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भगत देवरी की जर्जर छत को तोड़ते समय मलबे के साथ एक मजदूर नीचे गिर गया। दबने के कारण मजदूर की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर डायल 112 एवं सांकरा पुलिस की टीम पहुंची। मलबे को हटाकर मजदूर के शव को बाहर निकाला गया। सांकरा थाना प्रभारी राणा सिंह ठाकुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार फुलझर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भगतदेवरी की छत जर्जर हो गई थी। जिसे जीर्णोद्धार के लिए ठेका मजदूरों को छत को तोड़ने के लिए ठेका में दिया गया था। सिदार सिंह बरिहा पिता ननकी बरिहा, जागेश्वर चौहान, घनश्याम बरिहा सहित चार-पांच मजदूर छत को तोड़ने का काम कर रहे थे।
मंगलवार को प्रात: 10 बजे एक मजदूर सिदार सिंह बरिहा पिता ननकी बरिहा (60) लेंटर को घन से बलपूर्वक तोड़ रहा था। उसी दरमियान लेंटर के बड़े हिस्से के साथ वह भी जमीन के नीचे आ गिरा। मलबे के साथ वह दब गया। मजदूर की चीख-पुकार सुनकर सभी मजदूर नीचे आकर मलबा को हटाकर उसकी जान बचाने का प्रयास किए। लेकिन, मलबे में दब जाने के कारण सिदार सिंह बरिहा की मौके पर मौत हो गई। बाद में घटना की जानकारी डायल 112 एवं सांकरा थाने को दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सांकरा पुलिस घटना स्थल पहुंची। मलबे को हटाकर शव को बाहर निकाला गया। शव की शिनात के बाद पंचनामा कार्रवाई उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए चीर घर पिथौरा भेजा गया। फिलहाल सांकरा पुलिस मामले की विवेचना करने में जुटी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
