रसोई गैस सिलेंडर 50 रुपए महंगा, दो साल बाद बढ़ाए गए दाम…

Share

नई दिल्ली। महंगाई के मोर्चे पर आम जनता को सोमवार को झटका लगा। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर 50 रुपए महंगा हो गया है। उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले सिलेंडर पर भी इतनी ही बढ़ोतरी की गई है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को वितरण कंपनियों की ओर से कीमत में बढ़ोतरी का ऐलान किया। नई कीमतें सोमवार आधी रात से लागू हो गईं। सामान्य उपभोक्ताओं के लिए 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 803 रुपए से बढ़कर 853 रुपए, जबकि उज्ज्वला योजना के तहत 503 रुपए से बढ़कर 553 रुपए हो गई।

सरकार ने एक साल बाद घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में बदलाव किया है। आखिरी बार 9 मार्च, 2024 को बदलाव किया गया था। तब कीमत में 100 रुपए की कटौती की गई थी। इससे पहले 2023 में दाम 50 रुपए बढ़ाए गए थे। पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि गैस की कीमतों की हर 15 दिन में समीक्षा की जाएगी। अगर दुनिया में तेल और गैस के दाम बढ़ेंगे या घटेंगे तो उसका असर हमारे देश में भी दिखेगा।

उन्होंने कहा कि सोमवार को पेट्रोल और डीजल पर जो एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई गई है, उसका बोझ आम लोगों पर नहीं डाला जाएगा। पुरी ने कहा कि हमारा पेट्रोलियम सेक्टर अब डीरेगुलेटेड है। यानी कीमतें बाजार के हिसाब से तय होती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *