अयोध्या रामजन्मभूमि रेड जोन घोषित, रोजाना मॉक ड्रिल,हाई अलर्ट जारी…

Share

अयोध्या। अयोध्या स्थित अतिसंवेदनशील रामजन्मभूमि परिसर, जिसे रेड जोन घोषित किया गया है, वहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। लगातार मॉक ड्रिल और सायरन टेस्ट किया जा रहा हैं। संदिग्धों पर भी फोकस किया जा रहा हैं ताकि कोई अप्रिय घटना घटित न हो।

बता दें कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले और पाकिस्तान की संसद में पीपीपी सांसद पलवशा मोहम्मद जई खान द्वारा रामजन्मभूमि को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद से देश की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पूरे परिसर में अब प्रतिदिन मॉक ड्रिल की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा बलों की तत्परता सुनिश्चित की जा सके।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में बुधवार को सभी राज्यों को सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत मंगलवार को अयोध्या के सुरक्षा अधिकारियों ने आपातकालीन उपकरणों की गुणवत्ता को परखा। इस दौरान सायरन बजाकर आपातकालीन स्थिति का अभ्यास किया गया और वायरलेस के माध्यम से सूचना दी गई कि चार संदिग्ध लोग परिसर में घुस आए हैं। रामजन्मभूमि परिसर की सुरक्षा को अब देश की सीमाओं जैसी फुलप्रूफ व्यवस्था में तब्दील कर दिया गया है।

राममंदिर निर्माण के बाद इसे और अधिक अत्याधुनिक बनाया गया है। चूंकि यह आतंकियों की हिट लिस्ट में शामिल रहा है, इसलिए समय-समय पर सुरक्षा का परीक्षण होता रहा है। हालांकि यह पहली बार है जब लगातार कई दिनों से मॉक ड्रिल की जा रही है, जिससे यह स्पष्ट है कि सुरक्षा एजेंसियां किसी भी प्रकार की चूक को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहतीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *