20 जून तक राशन दुकानों को मिलेगी नई ई-पॉश मशीनें, लंबी कतार से मिलेगा छुटकारा…

Share

महासमुंद। शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में नई एंड्रायड ई-पॉश मशीनें अब तक नहीं पहुंच पाई हैं। जबकि, दो महीने पहले से ही नई मशीन से राशन का वितरण करना था। वर्तमान ई-पॉश मशीन में सर्वर की दिक्कत है। यह काफी धीमी गति से भी काम कर रही है।

जिले में 593 उचित मूल्य की दुकानें हैं। नई ई-पॉश में नए फीचर्स शामिल किए गए हैं। जिससे उपभोक्ताओं को समय पर राशन मिल पाएगा और लंबी कतार भी नहीं लगानी पड़ेगी। अप्रैल माह में नई ई-पॉश से कार्य शुरू होना था, लेकिन जून तक मशीनें दुकानों में पहुंची नहीं है। राशन दुकान संचालकों को भी मशीन का इंतजार है।

बताया जा रहा है कि पुरानी मशीन में कई खामियां थीं। जिससे ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, सर्वर और बैटरी खत्म होने की शिकायतें ज्यादा थी। जिससे कारण राशन दुकानों में लोगों की कतार लग जाती थी। खाद्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 20 जून तक नई मशीनें प्राप्त हो जाएंगी। इसके बाद ही उचित मूल्य की दुकानों में इसका वितरण करने का कार्य प्रारंभ होगा। नई आने वाली मशीनों में 5 जी सुविधा होगी। जिससे सर्वर तेजी से कार्य करेगा। जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव ने बताया कि 20 जून तक नई मशीनें आएंगी। राशन दुकानों को वितरण के बाद नई मशीन से राशन का वितरण होगा।

बायोमेट्रिक की थी समस्या

राशन वितरण में बुजुर्गों को बड़ी परेशानी होती थी। कई बार अंगूठा वेरीफाई नहीं हो पाता था। इसके बाद सर्वर की भी दिक्कत आती थी। ई-पॉश (पाइंट ऑफ सेल) मशीन को यूआईडीएआई ने रिजेक्ट कर दिया है। जिसके कारण नई मशीन लाई जा रही है। इसके लिए भी राशन दुकान संचालकों को दो महीने से इंतजार करना पड़ रहा है।

2016 तक मैनुअल राशन वितरण होता था। उसके बाद राशन वितरण में गड़बड़ी रोकने के लिए टैबलेट का वितरण किया गया। इसके बाद इसे बदलकर ई-पॉश मशीन लाई गई। अब इसे भी बदलकर नई एंड्रायड ई पॉश मशीन लाई जा रही है। जानकारी के अनुसार पिछले ८ सालों में तीन बार मशीनें बदली जा चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *