ग्राम पंचायत पाराडोल में आयोजित ग्राम जल जागरूकता अभियान की ग्राम सभा संपन्न…

Share

पाराडोल के ग्रामीणों ने लिया जल संरक्षण करने का संकल्प

एमसीबी: जिले के मनेंद्रगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पाराडोल में विगत 13 जून को जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित ग्राम जल जागरूकता अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस सभा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल, जल संरक्षण और जल स्रोतों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा करना रहा। कार्यक्रम का संचालन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता ओंकार सिंह, सहायक अभियंता ए.एस. सिदार एवं उप अभियंता मनमोहन सिंह के निर्देशानुसार किया गया।

इस अवसर पर जिला परियोजना समन्वयक (मॉनिटरिंग) अनिमेष कुमार तिवारी और IEC विशेषज्ञ नवीन कुमार ने अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी ग्रामीणों से साझा की। सभा में उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामवासियों को जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में अब तक की गई प्रगति की जानकारी दी, साथ ही “हर घर नल से जल” योजना की स्थिति की समीक्षा की गई।

जल गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया, सुरक्षित पेयजल के लाभ और उसे अपनाने की विधियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम के दौरान वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण और जल अपव्यय को रोकने के विषय पर विशेष बल दिया गया। ग्रामीणों को जल संवाद तंत्र की जानकारी दी गई जिससे वे भविष्य में जल संबंधी शिकायतों का समाधान पा सकें। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, जल बहनी और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक इस सभा में भाग लिया।

सभी उपस्थित जनों ने सामूहिक रूप से जल संरक्षण का संकल्प लिया और यह दृढ़ निश्चय व्यक्त किया कि वे जल का विवेकपूर्ण उपयोग करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। यह ग्राम सभा शांतिपूर्ण, जागरूकतापूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुई ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *