WhatsApp Scam:-प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद साइबर ठग सक्रिय, WhatsApp पर आने वाले लॉकडाउन मैसेज से रहें सावधान
WhatsApp Scam:-देश में पेट्रोल-डीजल बचाने और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद साइबर अपराधी भी एक्टिव हो गए हैं। अब WhatsApp पर लॉकडाउन, वर्क फ्रॉम होम या इमरजेंसी आदेश के नाम पर फर्जी मैसेज और PDF फाइल भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है।
साइबर एक्सपर्ट्स के मुताबिक इन दिनों लोगों को “WAR LOCKDOWN NOTICE.pdf” या “Emergency Lockdown Order” जैसे नामों से फाइल भेजी जा रही है। ये मैसेज देखने में सरकारी आदेश जैसे लगते हैं, इसलिए कई लोग बिना सोचे-समझे इन्हें खोल लेते हैं। लेकिन जैसे ही इन फाइलों पर क्लिक किया जाता है, यूजर किसी संदिग्ध वेबसाइट पर पहुंच जाता है या फिर फोन में खतरनाक APK फाइल डाउनलोड हो जाती है।
WhatsApp Scam:-कैसे हो रही है ठगी?
रिपोर्ट्स के अनुसार कई मामलों में फर्जी PDF या लिंक खोलने के बाद लोगों से उनकी निजी जानकारी मांगी जाती है। वहीं APK फाइल इंस्टॉल करते ही साइबर अपराधियों को फोन का एक्सेस मिल सकता है। इसके बाद बैंक अकाउंट, सोशल मीडिया और निजी डेटा खतरे में पड़ सकता है।
WhatsApp Scam:-खुद को ऐसे रखें सुरक्षित
- अनजान नंबर से आए WhatsApp मैसेज या PDF फाइल पर क्लिक न करें।
- किसी भी लिंक पर अपनी बैंकिंग या निजी जानकारी साझा न करें।
- फोन की सेटिंग में जाकर “Unknown Sources” ऑप्शन बंद रखें।
- सरकारी आदेश या लॉकडाउन जैसी जानकारी सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट और भरोसेमंद न्यूज सोर्स से ही देखें।
- APK फाइल डाउनलोड और इंस्टॉल करने से बचें।
साइबर जानकारों का कहना है कि इस तरह की ऑनलाइन ठगी लगातार बढ़ रही है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। छोटी सी गलती आपका बैंक अकाउंट खाली कर सकती है।
