Road Accident:-कवर्धा सड़क हादसे में घायल आरक्षक की मौत, ड्यूटी से लौटते समय हुई थी भिड़ंत
Road Accident:-छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल पुलिस आरक्षक रुपेश राजपूत की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में एक अन्य पुलिसकर्मी समेत दो लोग अभी भी घायल हैं, जिनका इलाज जारी है। मामला लोहारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, आरक्षक रुपेश राजपूत डीएसबी शाखा में पदस्थ थे। सोमवार को वे अपने साथी आरक्षक रेखूराम धुर्वे के साथ लोहारा नगर पंचायत उपचुनाव से जुड़ी ड्यूटी पर गए थे। ड्यूटी खत्म होने के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक सवार युवक भी घायल हुआ। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर आरक्षक रुपेश राजपूत को रायपुर के निजी अस्पताल रेफर किया गया था।
करीब तीन दिन तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ने के बाद आखिरकार आरक्षक रुपेश राजपूत ने दम तोड़ दिया। वहीं अन्य दो घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Road Accident:-सड़क हादसों को लेकर बढ़ी चिंता
छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही कई लोगों की जान ले रही है। पुलिस और प्रशासन समय-समय पर सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान चलाते हैं, लेकिन इसके बावजूद हादसों में कमी नहीं आ रही है।
