Crime News:-केलों के नीचे छिपा था 4.56 करोड़ का गांजा! यूपी का शराब कारोबारी निकला अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का मास्टरमाइंड

Share

Crime News:-छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान को बड़ी सफलता मिली है। महासमुंद जिले की बसना पुलिस ने 4.56 करोड़ रुपये मूल्य के गांजा तस्करी नेटवर्क के मुख्य सरगना विनय कुमार शर्मा उर्फ पंडित जी को उत्तर प्रदेश के शामली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कई राज्यों में फैले अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का संचालन कर रहा था और शराब ठेकों की आड़ में अवैध कारोबार को अंजाम दे रहा था।

पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को पलसापाली बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान एक आयशर मालवाहक वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई थी। जांच में पता चला कि वाहन में कच्चे केलों के नीचे बड़ी चालाकी से 29 प्लास्टिक बोरियों में 912.760 किलोग्राम गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। बरामद गांजे की कीमत करीब 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई। मौके से चार फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई थीं।

जांच में सामने आया कि यह खेप ओडिशा के कंधमाल से लोड होकर उत्तर प्रदेश के शामली भेजी जा रही थी। पुलिस ने पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पूरे नेटवर्क की परतें खोलीं। इसी दौरान विनय शर्मा का नाम मुख्य रिसीवर और फाइनेंसर के रूप में सामने आया।

Crime News:-इसके बाद बसना थाना की विशेष टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई और 17 जून को शामली से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी कई राज्यों में 10 से अधिक शराब ठेकों का संचालन करता है और इन्हीं कारोबारों की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क चला रहा था।

महासमुंद पुलिस ने इस मामले में सप्लायर से लेकर रिसीवर तक पूरे सिंडिकेट पर शिकंजा कसते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें वाहन चालक, बिचौलिया और ओडिशा के दो मुख्य सप्लायर भी शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपी विनय शर्मा को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर महासमुंद रवाना कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में ड्रग नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है। पुलिस की “सोर्स से डेस्टिनेशन तक” कार्रवाई को राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *