Suicide Case:-मुझसे इतनी नफरत के लिए धन्यवाद…’ सुसाइड नोट लिखकर कॉलेज छात्र ने की आत्महत्या, भिलाई में सनसनी
Suicide Case:-टाउनशिप क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। सेक्टर-4 स्थित बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में एक कॉलेज छात्र का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय दीपांशु वर्मा के रूप में हुई है, जो कल्याण कॉलेज का छात्र था। उसके पिता भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में कार्यरत हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दीपांशु घर से लापता था। बताया जा रहा है कि उसने घटना से पहले अपनी मां से 100 रुपये मांगे थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि उन्हीं पैसों से उसने रस्सी खरीदी और बाद में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
Suicide Case:-मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। नोट में लिखा था, “मुझसे इतनी नफरत के लिए धन्यवाद। मुझे दफनाना नहीं, मेरा अंतिम संस्कार करना।”
हालांकि छात्र ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट समेत सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
इस घटना ने परिवार, दोस्तों और स्थानीय लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
