CG News:-योग दिवस कार्यक्रम में प्रशासन की बड़ी चूक, पोस्टर में फोटो नहीं होने पर नाराज होकर मंच से उठे साजा विधायक ईश्वर साहू
CG News:-अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बेमेतरा में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब साजा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ईश्वर साहू कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए पोस्टर में अपनी तस्वीर नहीं देखकर नाराज हो गए। नाराजगी इतनी बढ़ गई कि वे कार्यक्रम के दौरान मंच छोड़कर चले गए, जिससे कुछ देर के लिए आयोजन स्थल पर असहज स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के अंतर्गत बेमेतरा, नवागढ़ और साजा तीन विधानसभा क्षेत्र आते हैं। योग दिवस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद, जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए पोस्टरों में बेमेतरा और नवागढ़ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की तस्वीरें शामिल थीं, लेकिन साजा विधायक ईश्वर साहू की तस्वीर नहीं लगाई गई थी।
इसी बात को लेकर विधायक नाराज हो गए और मंच से उठकर चले गए। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और विधायक को मनाने का प्रयास किया। काफी समझाइश और मान-मनौव्वल के बाद वे दोबारा मंच पर लौटे और कार्यक्रम में शामिल हुए।
CG News:-प्रशासन पर उठे सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि जब जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति तय थी, तब प्रचार सामग्री और पोस्टर तैयार करते समय इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई?
विशेषज्ञों का मानना है कि सरकारी आयोजनों में जनप्रतिनिधियों को उचित सम्मान और प्रोटोकॉल देना प्रशासन की जिम्मेदारी होती है। ऐसे में इस तरह की गलती प्रशासनिक समन्वय की कमी को दर्शाती है।
CG News:-राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज
योग दिवस जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम में हुई इस घटना ने जिले की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस चूक को लेकर क्या स्पष्टीकरण देता है और भविष्य में ऐसी गलतियों से बचने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
