आज से शुरू हुई 12वीं बोर्ड परीक्षा, 14 उड़नदस्ता टीम कर रही निगरानी…
आज से शुरू हुई 12वीं बोर्ड परीक्षा, 14 उड़नदस्ता टीम कर रही निगरानी
कवर्धा। आज से सीजी बोर्ड के परीक्षाएं प्रारंभ हैं। 12वीं के विद्यार्थियों की अग्नि परीक्षा शुरु हो रही है। जिले में आठ हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए 75 केंद्र हैं। वहीं प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा 14 उड़नदस्ता टीम बनाई गई है जो परीक्षा के दौरान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
आज 1 मार्च से छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा प्रारंभ हो रही है। 12वीं में हिन्दी विषय का पहला पर्चा है। वहीं 3 मार्च को 10वीं की परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा की तैयारी पूरी हो चुकी है। बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में कुल 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस वर्ष तीन नवीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड परीक्षा के लिए कबीरधाम जिले के शासकीय व अशासकीय विद्यालयों के कुल 20 हजार 698 विद्यार्थी परीक्षा दिलाएंगे।
कक्षा 10 वीं में 12 हजार 222 छात्र-छात्राएं और कक्षा 12 वीं 8 हजार 476 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत है। इस तरह दोनों कक्षाओं को मिलाकर 20 हजार 698 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत है जो बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षा को लेकर गोपनीय सामग्री वितरण बीते शनिवार को किया गया। गोपनीय सामग्रियों को नजदीकी थाना में सुरक्षित जमा कराया गया, जिसे 1 मार्च को निकाला और खोला जाएगा।
10वीं की समय-सारिणी
10 वीं की बोर्ड परीक्षा 3 मार्च से शुरू होगी जो 24 मार्च तक चलेगा। पहला पर्चा हिन्दी का होगा। दूसरा पर्चा अंग्रेजी का 5 मार्च, तीसरा पर्चा 7 मार्च को गणित, 10 मार्च को विज्ञान, 12 मार्च को व्यवसायिक पाठ्यक्रम, 17 को सामाजिक विज्ञान, 21 को संस्कृत और 24 मार्च को केवल दृष्टिहीन व मूक बधिर विद्यार्थियों की परीक्षा होगी।
विद्यार्थियों के साथ शिक्षा विभाग की ओर से भी पूरी तैयारी हो चुकी है। 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। साथ ही निगरानी के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से 14 उड़नदस्ता टीम भी बनाई गई। जिला शिक्षा अधिकारी योगदास साहू ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा 7 उड़नदस्ता टीम, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा दो टीम, पंडरिया ब्लॉक स्तर पर दो टीम और कवर्धा, बोड़ला व सहसपुर लोहारा ब्लॉक स्तर पर एक-एक उड़नदस्ता टीम तैयार है। यह टीम सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
कक्षा 12वीं परीक्षा की समय सारिणी
चुनाव के चलते पढ़ाई प्रभावित रही
शनिवार को कक्षा 12वीं के विद्यार्थी पहला पर्चा हिन्दी का दिलाएंगे। इसके बाद 4 मार्च को अंग्रेजी का पर्चा दिलाएंगे। वहीं 6 मार्च को इतिहास, कृषि विज्ञान के तत्व व गणित, 8 मार्च को संस्कृत, 11 को भूगोल, भौतिक शास्त्र, 12 को समाज शास्त्र, 18 को राजनीति शास्त्र, रसायन शास्त्र, लेखा शास्त्र, फसल उत्पादन एवं उद्यान शास्त्र, 22 को गणित, कम्प्यूटर एप्लीकेशन, गृह विज्ञान, वाणिज्य गणित, 24 को जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र, पशुपालन और 28 मार्च को मनोविज्ञान का पर्चा होगा।
बीते दो माह तक नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के चलते शासकीय स्कूल में पढ़ाई काफी प्रभावित रही। पहले नगरीय निकाय में इसके बाद पंचायत चुनाव में स्कूल में पढ़ाई पूरी तरह से ठप ही रहा। चूंकि शिक्षक-शिक्षिकाओं की ड्यूटी प्रशिक्षण और चुनाव में लगाया गया, जिसके कारण विद्यार्थियों का कोर्स थम सा गया और पढ़ाई प्रभावित रहा। विद्यार्थी खुद ही अपनी समस्या सुलझाने में लगे रहे। हालांकि शिक्षा विभाग का कहना है कि कोर्स पूरा कराया गया।
