बारातियों से भरी बस पलटी, तीन की मौत, 57 लोग घायल…
बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ क्षेत्र के बेलकोना पंचायत से बारातियों को लेकर जा रही बस गुरुवार की दोपहर अनियंत्रित होकर पहाड़ से पलट गई। हादसे में दूल्हे के भांजे सहित तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं 57 घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शंकरगढ़ के बेलकोना पंचायत के धारानगर निवासी अनिल तिग्गा की शादी झारखंड के भंडरिया में तय हुई थी।
गुरुवार की सुबह दूल्हे के घर से बस (सीजी 15 ए 7322) में बारात निकली। बस में 60 बाराती सवार थे। बस चांदो थाना क्षेत्र के कंठी घाट के पास पहुंची ही थी कि चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस पहाड़ से करीब 50 फीट नीचे गिर गई। दुर्घटना में धारानगर निवासी महंती (30), बनेशरा तिर्की (16) व दूल्हे के भांजे ममेश बड़ा (10) की मौत हो गई। वहीं 57 घायलों को जिला अस्पताल बलरामपुर में भर्ती कराया गया। यहां से 7 की स्थिति गंभीर देख उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना पर बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल-चाल जाना।
कंडम थी बस
बताया जा रहा है कि बस कंडम स्थिति में थी, फिर भी संचालक द्वारा उसे चलाया जा रहा था। उसके चेचिस को जगह-जगह रस्सी से बांधा गया था। इसके साथ ही सीटों से लेकर पूरी बॉडी की स्थिति खराब थी। वहीं बस चालक को राजपुर की तरफ से झारखंड जाने के लिए कहा गया था, लेकिन वह शॉर्टकट की बात कहकर सामरी-चांदो मार्ग से बस को ले गया था।
