बस्तर महाराजा की कार ने टाटा मैजिक को मारी टक्कर 12 लोग हुए घायल…

Share

धमतरी। धमतरी जिले के खपरी-तेलीनसत्ती बायपास में बस्तर महाराजा कमलचंद्र भंजदेव की कार ने टाटा मैजिक को टक्कर मार दी। इस घटना में टाटा मैजिक वाहन में सवार 12 लोग घायल हो गए। इसमें से 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल धमतरी में जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार बस्तर महाराजा कमलचंद्र भंजदेव परिवार के साथ किसी काम से रायपुर जा रहे थे। इस दरम्यान खपरी और तेलीनसत्ती बायपास में टाटा मैजिक वाहन क्रमांक-सीजी-17-एच-2336 को पीछे से ठोकर मार दी। इससे टाटा मैजिक दूर जाकर पलट गई। सूचना है कि बस्तर महाराजा कमलचंद्र भंजदेव के वाहन में सवार एक अन्य को भी चोट आई है। टाटा मैजिक वाहन के घायलों को अस्पताल भिजवाने के बाद बस्तर महाराजा अपने एक अन्य साथी को इलाज के लिए रायपुर ले गए।

12 लोग हुए घायल

जिला अस्पताल में भर्ती घायल धनराज पटेल पिता इंद्रमन पटेल ने बताया कि वे सभी श्रद्धा मानस महिला मंडली ग्राम पंचायत पेरपार के रहने वाले हैं। रामधुनी कार्यक्रम की प्रस्तुति देने के लिए धरमपुरा रायपुर जा रहे थे। घर से दोपहर 12.30 बजे निकले थे। दोपहर 2.15 बजे खपरी-तेलीनसत्ती बायपास में सड़क हादसा हो गया। वाहन में सवार कोमिन गेडाम (40) पति देवेन्द्र गेडाम, टिकेन्द्र पटेल (16) पिता गुमान पटेल, नीलकमल साहू (22) पिता गोवर्धन साहू, महेश्वरी निर्मलकर (43) पति कोमल निर्मलकर, देवेश सार्वा (15) पिता धनपाल सार्वा, लोमस साहू (21) पिता गेस कुमार साहू, संजु ठाकुर (25) पिता अनिरूद्ध ठाकुर, शुभम (16) पिता शुभम और वेदकुमार (25) घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से वेदकुमार (25) और देवेश को गंभीर चोट आई है।

सड़क दुर्घटना में कुल 12 लोग घायल हुए हैं। उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इनमें से 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। डॉ संजय वानखेड़े, मेडिकल विशेषज्ञ जिला अस्पताल

बस्तर महाराजा कमलचंद्र भंजदेव के पीएसओ से जानकारी मिली है कि कार और टाटा मैजिक में भिड़ंत हुई है। वाहन में महाराजा भी सवार थे। घटना के बाद महाराजा ने सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। पश्चात अपने वाहन के घायल का इलाज कराने के लिए रायपुर निकले। सन्नी दुबे, टीआई अर्जुनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *