कांग्रेस को बड़ा झटका, जिला अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा, पीसीसी चीफ को भेजा पत्र…
राजनांदगांव। नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव में करारी हार का सामना करने वाली खैरागढ़-छुईखदान-गंडई कांग्रेस को एक और झटका लगा है। केसीजी जिला अध्यक्ष गजेन्द्र ठाकरे ने पद से इस्तीफा दे दिया है। पारिवारिक कारणों की वजह से पद का निर्वहन नहीं करने का हवाला देते हुए प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को इस्तीफा सौंपा है। जिला अध्यक्ष का इस्तीफा वाला लेटर पैड सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हुआ है।
पत्र में पारिवारिक कारण बताया गया है पर खबर सामने आई है कि हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान विधायक समर्थकों के साथ जिला अध्यक्ष का किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिला अध्यक्ष ने इसकी शिकायत पार्टी हाईकमान तक की थी पर प्रकरण में कोई कार्रवाई नहीं होने से जिला अध्यक्ष की नाराजगी बढ़ती गई।
मिले थे संकेत
दूसरी ओर यह भी माना जा रहा है कि चुनाव में पार्टी की हार होने पर कार्यकर्ताओं की ओर से नए अध्यक्ष की मांग लगातार की जा रही थी। खैरागढ़ प्रवास पर आए प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के समक्ष कार्यकर्ताओं ने पार्टी की स्थिति को लेकर चर्चा भी की थी। बैज ने चर्चा के दौरान संगठन में बदलाव के संकेत दिए थे। अब माना जा रहा है कि जल्द ही नाम की घोषणा हो सकती है।
