Bilaspur News:-ऑटो चालक की चालाकी कैमरे में कैद, महिला के बैग से लाखों के सोने के जेवर गायब

Share

Bilaspur News:-बिलासपुर। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में भरोसे का फायदा उठाकर ऑटो चालक द्वारा महिला के बैग से लाखों रुपये के सोने के जेवर चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना का खुलासा तब हुआ जब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में कथित तौर पर ऑटो चालक महिला की गैरमौजूदगी में बैग से जेवर निकालते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Bilaspur News:-ऑटो में छोड़ दिया था बैग

पुलिस के मुताबिक ग्राम बुंदेला निवासी 29 वर्षीय भगवती कौशिक 15 जुलाई को अपनी बड़ी बहन और बुआ के साथ ऑटो रिक्शा से अमेरी जा रही थीं। रास्ते में चकरभाठा स्थित ओम साईराम ज्वेलर्स के सामने ऑटो चालक गेदराम निराला ने उन्हें कृष्णा सोसायटी में सामान खरीदने जाने के दौरान बैग ऑटो में ही छोड़ने की सलाह दी।

महिलाएं करीब डेढ़ घंटे बाद लौटीं और उसी ऑटो से अमेरी पहुंच गईं। अगले दिन बैग की जांच करने पर उसमें रखा करीब 15 ग्राम सोने का मंगलसूत्र, सोने के ईयर रिंग और सोने का चोकर हार गायब मिला।

Bilaspur News:-CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी घटना

पीड़िता ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी तो उसमें कथित रूप से ऑटो चालक बैग से जेवर निकालते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पीड़िता ने चालक से संपर्क किया। आरोप है कि पहले उसने मामले को टालने की कोशिश की, लेकिन बाद में जेवर लौटाने का भरोसा दिया।

Bilaspur News:-सरपंच प्रतिनिधि के सामने कबूलने का आरोप

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने गांव के सरपंच प्रतिनिधि के सामने चोरी की बात स्वीकार करते हुए जेवरों के बदले नकद राशि या अन्य गहने देने की पेशकश की थी। बाद में वह बैंक से पैसे निकालने का बहाना बनाकर पीड़िता को अपने रिश्तेदार के घर ले गया और वहां से छत के रास्ते फरार हो गया।

Bilaspur News:-पुलिस ने दर्ज किया मामला

चकरभाठा थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत और उपलब्ध CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *