CG News:-डॉक्टरों की कमी या नया विवाद? दूसरे राज्यों के डॉक्टरों को छत्तीसगढ़ में प्रैक्टिस की तैयारी पर स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा जवाब
CG News:-छत्तीसगढ़ में दूसरे राज्यों के डॉक्टरों को बिना स्थानीय रजिस्ट्रेशन के प्रैक्टिस की अनुमति देने के प्रस्ताव पर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के डॉक्टर इस फैसले का विरोध कर रहे हैं, वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि यह फैसला प्रदेश में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए लिया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जो डॉक्टर केवल बयानबाजी कर रहे हैं, उन्हें प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था और मरीजों की जरूरतों की भी चिंता करनी चाहिए।
CG News:-सिर्फ योग्य डॉक्टरों को मिलेगी अनुमति
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि हर बाहरी डॉक्टर को अनुमति नहीं मिलेगी। केवल वही डॉक्टर छत्तीसगढ़ में प्रैक्टिस कर सकेंगे, जिनका दूसरे राज्य में वैध मेडिकल रजिस्ट्रेशन होगा और जो नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) में पंजीकृत होंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार जल्द ही डॉक्टरों के प्रतिनिधियों से चर्चा करेगी ताकि उनकी आपत्तियों का समाधान निकाला जा सके।
CG News:-डॉक्टरों की भारी कमी बनी चुनौती
जायसवाल ने कहा कि सरकार लगातार भर्ती कर रही है, लेकिन इसके बावजूद पर्याप्त डॉक्टर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेजों में प्रोफेसरों के 125 पदों पर भर्ती निकाली गई थी, लेकिन केवल 78 डॉक्टरों ने ही जॉइन किया। ऐसे में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था जरूरी हो गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ ऐसा करने वाला पहला राज्य नहीं है। देश के कई अन्य राज्यों में भी इसी तरह की व्यवस्था पहले से लागू है।
CG News:-पल्स पोलियो अभियान में बच्चों को पिलाई दवा
राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस के मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने रायपुर जिला अस्पताल में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। उन्होंने कहा कि 5 साल से कम उम्र के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर दिलाई जाए। इसके लिए पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

