CG News:-बिलासपुर सेंट्रल जेल में सनसनी: गैसीफायर की जलती भट्ठी में कूदकर उम्रकैद के कैदी ने दी जान

Share

CG News:-बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सेंट्रल जेल में बुधवार शाम एक बेहद गंभीर घटना सामने आई, जिसने हाई सिक्योरिटी जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। डबल मर्डर के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी राहुल कंवर उर्फ विकेश ने जेल परिसर में स्थित गैसीफायर प्लांट की जलती भट्ठी में कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक राहुल कंवर जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह क्षेत्र का निवासी था और वर्ष 2014 से बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंद था। घटना के तुरंत बाद जेल परिसर में सायरन बजाया गया और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, पुलिस अधिकारी, फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

CG News:-जेल प्रशासन के अनुसार, जिस गैसीफायर प्लांट में यह घटना हुई, वहां लकड़ियों से गैस तैयार कर जेल में बंद कैदियों के लिए भोजन बनाया जाता है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कैदी वहां तक कैसे पहुंचा और उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।

अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, जेल ड्यूटी व्यवस्था और सुरक्षा प्रोटोकॉल की भी समीक्षा की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कहीं सुरक्षा में चूक हुई या नहीं। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *