CG News:-पुराने BJP झंडे वाले वीडियो को ‘तिरंगा विवाद’ बताकर वायरल करने का आरोप, धमतरी पुलिस ने दो युवकों को दबोचा

Share

CG News:-धमतरी। सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो को एडिट कर उसे स्वतंत्रता दिवस से जोड़कर भ्रामक तरीके से प्रसारित करने के मामले में धमतरी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने भाजपा कार्यालय कुरूद में मार्च 2026 में हुए एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी का झंडा फहराए जाने के वीडियो को डाउनलोड कर उसमें एडिटिंग की और ऐसा संदेश जोड़ा, जिससे वीडियो को स्वतंत्रता दिवस के मौके से जोड़कर देखा जाने लगा।

मामले में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने जांच के बाद भुनेश्वर निराला (25) और राकेश निराला (35), निवासी ग्राम जिल्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

CG News:-मार्च का वीडियो, अगस्त में नया विवाद

पुलिस के अनुसार, मूल वीडियो 22 मार्च 2026 को कुरूद स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का है। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से पार्टी का झंडा फहराया गया था और कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर उपलब्ध था।

जांच में आरोप है कि इसी पुराने वीडियो को डाउनलोड कर उसमें बदलाव किए गए। एडिट किए गए वीडियो में “धमतरी में तिरंगे की जगह BJP का झंडा, स्वतंत्रता दिवस पर उठे सवाल” जैसे भ्रामक संदेश के साथ तिरंगे का प्रतीक भी जोड़ा गया। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया।

इस तरह पुराने घटनाक्रम को नए संदर्भ में पेश किए जाने से सोशल मीडिया पर भ्रम की स्थिति बनने की आशंका पैदा हुई।

CG News:-मोबाइल की जांच में सामने आई एडिटिंग की कड़ी

पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान दोनों आरोपियों को नोटिस देकर पूछताछ की गई। इसके बाद उनके मोबाइल फोन की विधिवत जांच और पंचनामा तैयार किया गया।

जांच में पुलिस को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ वीडियो एडिटिंग एप्लीकेशन भी मिले। पुलिस का दावा है कि मूल वीडियो को डाउनलोड करने के बाद Banao App के जरिए उसमें बदलाव किया गया। इसके बाद वीडियो में भ्रामक शीर्षक और तिरंगे का प्रतीक जोड़कर उसे Instagram और Facebook पर अपलोड किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बाद में वीडियो डिलीट करने की बात कही। जांच के दौरान Instagram के Recently Deleted सेक्शन में भी संबंधित वीडियो से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिलने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस ने स्क्रीनशॉट सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित किया।

CG News:-दूसरे मोबाइल से मिलीं पुरानी तस्वीरें

पुलिस के मुताबिक, आरोपी राकेश निराला के मोबाइल की जांच के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराए जाने से संबंधित तस्वीरें भी मिलीं। इन तस्वीरों के स्क्रीनशॉट लेकर पुलिस ने पंचनामा तैयार किया।

पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।

CG News:-45 हजार के दो मोबाइल जब्त

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को 18 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मामले में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने BNS की धारा 336(4) और 353(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की है।

CG News:-पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स को किया अलर्ट

धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाले किसी भी वीडियो, फोटो या दावे को बिना सत्यापन आगे शेयर न करें। खासकर संवेदनशील और राजनीतिक विषयों से जुड़े कंटेंट को शेयर करने से पहले उसके स्रोत और संदर्भ की पुष्टि करना जरूरी है।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी पुराने वीडियो या फोटो को एडिट कर उसके संदर्भ को बदलकर भ्रामक तरीके से प्रसारित करने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *