CG News:-तालाब में नहाने पहुंचे लोग रह गए दंग! अचानक दिखे 6 नन्हे मगरमच्छ, मची अफरा-तफरी; वन विभाग ने किया रेस्क्यू

Share

CG News:-छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के रतनपुर क्षेत्र स्थित बिकमा तालाब में उस समय हड़कंप मच गया, जब सुबह नहाने पहुंचे लोगों ने तालाब के किनारे एक गड्ढे में मगरमच्छ के 6 बच्चों को देखा। अचानक मगरमच्छ के बच्चों के दिखाई देने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी।

जानकारी मिलते ही वन विभाग और रतनपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी मगरमच्छ शावकों को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया गया। इसके बाद वन विभाग उन्हें अपने कार्यालय ले गया और बाद में प्राकृतिक वातावरण में सुरक्षित रखने के लिए खूंटाघाट डैम में छोड़ दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार बिकमा तालाब में अभी भी तीन बड़े मगरमच्छ मौजूद हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब किनारे मादा मगरमच्छ ने कुछ समय पहले अंडे दिए थे, जिनसे हाल ही में ये बच्चे निकले हैं। यही वजह है कि तालाब के आसपास मगरमच्छों की गतिविधियां बढ़ गई हैं।

CG News:-वन विभाग ने क्षेत्र के लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग की टीम लगातार तालाब और आसपास के इलाकों पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। विशेषज्ञों के अनुसार मानसून के दौरान मगरमच्छ अक्सर अपने प्राकृतिक आवास के आसपास अधिक सक्रिय हो जाते हैं, इसलिए जलाशयों के पास विशेष सतर्कता जरूरी होती है।

फिलहाल सभी मगरमच्छ शावकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है, लेकिन तालाब में मौजूद बड़े मगरमच्छों को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी और बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *