CG News:-धीमे काम पर PWD सचिव का बड़ा एक्शन! ठेकेदारों को नोटिस और ब्लैकलिस्टिंग की चेतावनी, कंठी घाट-एनएच 343 का किया औचक निरीक्षण

Share

CG News:-बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के दौरे पर पहुंचे लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट संदेश दिया कि विकास कार्यों में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अपेक्षित प्रगति नहीं दिखाने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी करने और जरूरत पड़ने पर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।

बलरामपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्ग, सड़क, सेतु, भवन निर्माण तथा विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेई, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

CG News:-समीक्षा के दौरान बलरामपुर-रामानुजगंज-सनावल, कामेश्वरनगर, कपिलदेवपुर, गणेशमोड़, जनकपुर, रमेशपुर-शंकरपुर, चंपा-बाद और कुसमी-कोरंधा मार्ग सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। सचिव ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले निर्माण कार्य समय पर पूरे होना चाहिए और किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक के बाद श्री बंसल ने राष्ट्रीय राजमार्ग-343 और कंठी घाट में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बरसात शुरू होने से पहले नाली निर्माण और जल निकासी से जुड़े सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि बारिश के दौरान आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

PWD सचिव ने सड़क और पुल निर्माण में गुणवत्ता के साथ-साथ सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों की निगरानी लगातार की जाए और जनता को बेहतर एवं सुरक्षित अधोसंरचना उपलब्ध कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *