CG Political News:-BJP को बड़ा झटका! पूर्व भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने छोड़ी पार्टी, इस्तीफे से सियासी गलियारों में मची हलचल

Share

CG Political News:-छत्तीसगढ़ की राजनीति में बुधवार को उस समय हलचल तेज हो गई जब भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राष्ट्रीय मंत्री रवि भगत ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना त्यागपत्र मंडल अध्यक्ष को भेजने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

रवि भगत लंबे समय से पार्टी के भीतर कई मुद्दों को लेकर अपनी नाराजगी सार्वजनिक रूप से जताते रहे थे। हाल के महीनों में उन्होंने संगठन और सरकार की कार्यप्रणाली पर खुलकर सवाल उठाए थे। इससे पहले भी उन्हें पार्टी नेतृत्व की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था और बाद में संगठनात्मक फेरबदल के दौरान प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाया गया था।

CG Political News:-राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रवि भगत का इस्तीफा केवल एक नेता का पार्टी छोड़ना नहीं, बल्कि भाजपा के भीतर चल रही असंतोष की स्थिति का संकेत भी माना जा सकता है। हालांकि, पार्टी की ओर से उनके इस्तीफे पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

रवि भगत संगठन में एक सक्रिय युवा चेहरे के रूप में पहचान रखते रहे हैं। वे भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहने के साथ-साथ राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। ऐसे में उनके इस्तीफे ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि रवि भगत आगे किस राजनीतिक राह का चुनाव करते हैं। क्या वे किसी अन्य दल का दामन थामेंगे या नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगे? फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *