Chhattisgarh News:-नामांतरण के नाम पर रिश्वत का खेल बेनकाब! फरसगांव तहसील में ACB का ट्रैप, तहसीलदार का रीडर ₹10 हजार लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

Share

Chhattisgarh News:-कोंडागांव जिले के फरसगांव तहसील कार्यालय में मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पूरे तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

ACB के अनुसार, ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके नामांतरण (Mutation) प्रकरण में पिता और बुआ का नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज कराने के एवज में तहसीलदार के रीडर ने 70 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने तथ्यों का सत्यापन किया और योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की।

Chhattisgarh News:-दो किश्तों में पहले ही ले चुका था ₹35 हजार

जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता आरोपी को पहले ही दो किश्तों में 15 हजार और 20 हजार रुपये, यानी कुल 35 हजार रुपये दे चुका था। मंगलवार को जब वह तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये देने पहुंचा, तब पहले से मौजूद ACB की टीम ने आरोपी को रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।

टीम ने मौके से रिश्वत की राशि जब्त कर आवश्यक दस्तावेजों को भी कब्जे में लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


Chhattisgarh News:-डीएसपी बोले— जांच में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ होगी कार्रवाई

एंटी करप्शन ब्यूरो के डीएसपी चंद्रशेखर ध्रुव ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले का सत्यापन किया गया था। सत्यापन सही पाए जाने पर ट्रैप की कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी मुकेश रंगारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जाएगी। फिलहाल प्रारंभिक जांच में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है, लेकिन विवेचना जारी है। यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *