चुनावी तैयारियों को लेकर कांग्रेस की बैठक, युवा प्रत्याशियों को मौका देने के दिए संकेत…
रायपुर। कांग्रेस ने संगठन में बदलाव से पहले चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। इसे लेकर सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने गांधी मैदान स्थित राजीव भवन में शहर कांग्रेस कमेटी की बैठक ली। इस बैठक में बड़ी संख्या में टिकट के दावेदार नजर आए। कुछ दावेदार तो अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और शक्ति प्रदर्शन भी किया। वहीं बैज ने बातों बातों में इस बात के संकेत दिए हैं कि निकाय चुनाव में युवाओं को ज्यादा मौका दिया जाएगा।
बैठक में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बैज ने कहा, रायपुर में फिर से एक बार कांग्रेस का महापौर बनाना है। शहर के सभी 70 वार्डों में दमदारी से एकजुटता से चुनाव लड़ना है। पार्टी के प्रति निष्ठावान को मौका मिलेगा। सभी जनता के बीच जाकर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाए। उन्होंने सभी वार्ड प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी अपने वार्डों में तुरंत बैठकें आयोजित करें। उन्होंने कहा, पिछले चुनाव में कांग्रेस ने अधिकांश नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में जीत हासिल किया था।
प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के खिलाफ वातावरण है। लोग प्रदेश की बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था, रोज हो रही हत्याओं, बलात्कार, लूट, चाकूबाजी की घटनाओं के कारण सरकार से निराश है, भाजपा की साय सरकार ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में जनता को निराश किया है। विधानसभा चुनाव के समय भाजपा ने जनता से जो वादा किया था, एक साल में उसको पूरा नहीं किया है। न 500 रुपए सिलेंडर देने का वादा पूरा किया और न ही 18 लाख आवास देने का वादा पूरा किया। भाजपा राज में बिजली के दाम बढ़ गए है। कांग्रेस शासनकाल में 400 यूनिट तक बिजली के दामों में 50 प्रतिशत छूट को भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है। सरकार के खिलाफ जनता में आक्रोश है, जनता भाजपा के खिलाफ निकाय चुनावों में मतदान करेगी।
दिल्ली दौरा आज, चर्चाओं का बाजार गर्म
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बैज मंगलवार को दिल्ली जाएंगे। बताया जाता है कि दिल्ली में 15 जनवरी को कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन है। बैज इसमें शामिल होंगे। इसके साथ ही एक बार फिर संगठन बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। कांग्रेस के अंदरखाने से खबर आ रही है कि यदि अभी बदलाव की सूची नहीं आएगी तो बदलाव फिर टल सकता है। वैसे संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि सूची पूरी तरह से तैयार है और शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गई है। अब शीर्ष नेतृत्व के हरी झंडी का इंतजार है। बता दें कि पिछली बाद जब बैज दिल्ली से वापस लौटे थे, तो उन्होंने कहा था कि नए साल में संगठन में बदलाव हो जाएगा।
महापौर के लिए दावेदार सक्रिय
रायपुर में महापौर पद महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। इसके बाद दावेदार सक्रिय हो गया है। इसमें कांग्रेस नेेत्री के साथ समाजसेवी भी शामिल है। दावेदारों ने अर्पणा संचेती, उषा रंजन श्रीवास्तव, वंदना राजपूत सहित कांग्रेस नेताओं की पत्नियों के नाम भी सामने आ रहे हैं।
