मासूम से दुष्कर्म को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, कहा भाजपा राज में बच्चे व महिलाएं सुरक्षित नहीं…

Share

दुर्ग। दुर्ग जिले में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने जयस्तंभ चौक पर मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग की। भाजपा शासन काल में महिला व युवतियों के साथ-साथ बच्ची भी सुरक्षित नहीं होने का आरोप लगाया। इसके अलावा प्रदेश में अपराध बढ़ने के लिए भी भाजपा सरकार को दोषी बताया।

कांग्रेसियों ने कहा कि प्रदेश में आए दिन महिलाओं पर अत्याचार व गैंगरेप की घटनाएं बढ़ती जा रही है। दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना अंतर्गत मासूम बच्ची के साथ हुई दुराचार व हत्या से पूरा छत्तीसगढ़ स्तब्ध हो गया है। इसके बाद भी छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार नींद में है और अब तक पुलिस महकमे के किसी भी अधिकारी-कर्मचारी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू ने कहा कि प्रदेश की साय सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। आज प्रदेश की माताएं-बहनें सुरक्षित नहीं हैं। ऐसी निकम्मी सरकार को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। पुतला दहन में प्रमुख रूप से वरिष्ठ कांग्रेसी श्रीकिशन खंडेलवाल, कुतबुद्दीन सोलंकी, रमेश डाकलिया मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *