कॉन्ग्रेस की संविधान बचाओ रैली और सभा विवादों में, भाड़े की भीड़ जुटाने का आरोप…

Share

राजिम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर ने बीते दिनों विधानसभा स्तरीय संविधान बचाओ रैली निकाली थी। यह रैली नगर के पुराना बस स्टैंड चौक से शुरू हुई, जहां भारतीय संविधान की रक्षा को लेकर सभा भी हुई। हालांकि कार्यक्रम में भीड़ जुटाने को लेकर विवाद भी खड़ा हो गया। स्थानीय कांग्रेस नेता पर 100 रुपए और क्वार्टर देकर भाड़े पर लोग बुलाने के आरोप लगे।

नाम न छापने की शर्त पर पार्टी के ही कुछ लोगों ने इसकी पुष्टि की। सभा में पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल मुख्य वक्ता रहे। शुक्ल ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज देश में कोई भी सरकार की आलोचना करता है तो ईडी और सीबीआई का डर दिखाया जाता है। उन्होंने पीएम पर बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर चुप रहने का आरोप लगाया। सिकासार बांध का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बांध का पानी महासमुंद जिले में भेजना चाहती है, जबकि पहले गरियाबंद के किसानों को इसका लाभ मिलना चाहिए। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू ने राज्य सरकार पर वादा निभाने में विफल रहने का आरोप लगाया। रैली में महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष मंजू ध्रुव, नपं अध्यक्ष राजेंद्र धनराज सूर्यवंशी सहित कई कांग्रेस नेता शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *