Crime News:-कोरबा में हैरान कर देने वाली चोरी: दीवार में सेंध लगाकर 30 बकरियां ले उड़े चोर, लाखों के नुकसान से गांव में दहशत
Crime News:-कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र से चोरी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अब तक घरों से नकदी, जेवर या वाहन चोरी होने की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार चोरों ने मकान की दीवार में सेंध लगाकर एक-दो नहीं बल्कि करीब 25 से 30 बकरियां चोरी कर लीं। इस अनोखी वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना कटघोरा विकासखंड के ग्राम सिंधिया की है, जहां पशुपालक रामायण यादव के घर को चोरों ने निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था, उसी दौरान अज्ञात चोर मकान के पीछे पहुंचे और दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने एक-एक कर लगभग 25 से 30 बकरियां बाहर निकाल लीं और मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गई बकरियों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
Crime News:-सुबह हुई जानकारी, मचा हड़कंप
सुबह जब परिवार की नींद खुली तो बाड़े में बकरियां गायब थीं और दीवार टूटी हुई मिली। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बड़ी संख्या में पशुधन चोरी होने से गांव में दहशत और नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और बकरियों की बरामदगी की मांग की है।
Crime News:-पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित रामायण यादव की शिकायत पर कटघोरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, संदिग्ध गतिविधियों तथा स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि चोरी के तरीके को देखते हुए इसमें एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका है।
Crime News:-पशुपालकों में बढ़ी चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में बकरियां चोरी होना संगठित गिरोह की ओर इशारा करता है। पशुपालन से जुड़े परिवारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने गांवों में रात्रि गश्त बढ़ाने और पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग की मांग की है।
