Crime News:-झाड़-फूंक का झांसा, गोद से गायब हुआ 1 माह का मासूम! CCTV ने खोला अपहरण का राज
Crime News:-छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां झाड़-फूंक के नाम पर एक महिला ने 1 माह के मासूम बच्चे का अपहरण कर लिया। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सीसीटीवी जांच की मदद से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Crime News:-क्या है पूरा मामला?
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार के अनुसार, बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम मरंगीपाठ की रहने वाली एक पहाड़ी कोरवा महिला अपने एक माह के बच्चे का इलाज कराने जिला अस्पताल जशपुर पहुंची थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक अज्ञात महिला से हुई।
आरोपी महिला ने बच्चे को झाड़-फूंक से ठीक करने का दावा करते हुए परिवार का भरोसा जीत लिया। इसके बाद वह परिवार को जशपुर बस स्टैंड ले गई, जहां पहले हड़िया पिलाई और फिर एक होटल में भोजन कराने ले गई।
Crime News:-खाना खाते रहे माता-पिता, मासूम को लेकर भागी महिला
होटल में जब बच्चे के माता-पिता भोजन करने में व्यस्त थे, तभी आरोपी महिला मौके का फायदा उठाकर मासूम को लेकर फरार हो गई। बच्चे के अचानक गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया।
Crime News:-CCTV फुटेज से मिला सुराग
परिजनों की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान कर ली।
Crime News:-बगीचा से गिरफ्तारी, मासूम सुरक्षित
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को बगीचा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक माह के मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
