महाकुंभ के नाम पर जमकर कमाई, 20 हजार रुपए में सफर करने यात्री मजबूर…

Share

रायपुर। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से प्रयागराज महाकुंभ में जाने वाले श्रध्दालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। विमानन कंपनियां इस अवसर पर जमकर कमाई कर रही है। रायपुर से प्रयागराज जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की एकमात्र फ्लाइट में भीड़ को देखते हुए किराया भी तीन से चार गुना तक बढ़ा दिया गया है।

जहां जाने का किराया 18000 से 20000 और वापसी का किराया 20000 से 24000 रुपए है। विंडो और मनचाही सीट मांगने पर 3000-5000 रुपए एक्स्ट्रा लिया जा रहा है। वहीं, मजबूरी में कुंभ स्नान करने के लिए जाने वाले श्रद्धालु ज्यादा किराया दे रहे हैं। जबकि सामान्य दिनों में इसका किराया 5000-5500 रुपए रहता है। वहीं, आसानी से सीटे भी मनमुताबिक मिल जाती है।

ट्रैवल्स संचालकों का कहना है कि यह किराया विमानन कंपनियों द्वारा बढ़ाया गया है। ट्रेन और बस में भीड़ और रास्ते में फंसने के डर से लोग ज्यादा किराया देकर भी यात्रा कर रहे हैं। इस समय हालात यह है कि तत्काल टिकट बड़ी मुश्किल से मिल रही है। सीधी फ्लाइट होने के कारण लोग रायपुर से सीधे प्रयागराज जा रहे हैं। जबकि दिल्ली, मुंबई और कोलकाता से वाया प्रयागराज जाने का किराया 60 से 75 हजार रुपए हैं। बता दें कि देशभर के साथ ही विदेशों से रोजाना लाखों श्रद्धालु प्रयागराज जा रहे हैं।

इन दिनों ज्यादा भीड़

महाकुंभ में 4 फरवरी को रथ सप्तमी, 5 को भीष्माअष्टमी, 8 को जया एकादशी, 10 को माघ शुक्ल त्रयोदशी, 12 को माघ पूर्णिमा, 24 फाल्गुन कृष्ण एकादशी और 26 फरवरी को महाशिवरात्रि को देखते हुए फ्लाइट की अधिकांश सीटें अभी से फुल हो गई हैं। बताया जाता है कि जाता है कि अधिकांश लोग जाने के साथ ही वापसी का किराया भी बुक करवा रहे हैं। इसके चलते फ्लाइट पूरी तरह से फुल चल रही है। जबकि सामान्य दिनों में फ्लाइट के खाली रहने के कारण आसानी से टिकट मिल जाती है।

रायपुर से वाया का किराया

ट्रैवल्स संचालकों से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर से मुंबई जाते हुए वाया प्रयागराज जाने का किराया 67000 से 75000 रुपए है। इसी तरह रायपुर से मुंबई और वहां से दिल्ली होते हुए प्रयागराज जाने पर 75000 रुपए तक किराया है। वहीं, वाया कोलकाता से प्रयागराज 43000 रुपए और अन्य शहरों से होते हुए प्रयागराज का किराया 50000 हजार रुपए लिया जा रहा है।

मार्च से होगा फेयर सामान्य

ट्रैवल्स एसोसिएशन फेडरेशन ऑफ इंडिया (टाफी) के छत्तीसगढ़ अध्यक्ष रमन जादवानी ने बताया कि कुंभ मेला के कारण फ्लाइटों के किराए में इजाफा हुआ है। इसके समापन के बाद एक मार्च से किराया कम होने के साथ ही फेयर सामान्य स्तर पर पहुंचेंगे। इस समय रायपुर से विभिन्न शहरों के लिए जाने वाली सभी फ्लाइटें फुल चल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *